राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद : नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की उप सचिव एवं केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आकांक्षी विकासखंड गरियाबंद एवं मैनपुर का मैदानी निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने मैनपुर के देहारगुड़ा स्थित शासकीय विद्यालय, भाटीगढ़ आंगनबाड़ी केंद्र एवं बरदुला-बोइरगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र के प्रसवोत्तर देखभाल कक्ष तथा गरियाबंद के मजरकट्टा स्थित बिहान कैंटीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण सेवाओं की गुणवत्ता तथा महिला समूहों के आर्थिक सशक्तीकरण एवं स्वरोजगार संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।
सुश्री चौधरी ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, समस्याओं के समयबद्ध निराकरण तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनपद पंचायत गरियाबंद की टीम उपस्थित रही।






