सक्ती : जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है।
इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम तुषार निवासी हेमलाल बघेल एवं बेदराम बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास का लाभ प्रदान करने के सम्बन्ध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम बाराद्वार निवासी श्री राजकुमार महंत ने जमीन का पट्टा प्राप्ति के सम्बन्ध, तहसील बाराद्वार अंतर्गत वार्ड क्र 06 नया बाराद्वार निवासी श्री सुशील कुमार अग्रवाल ने नगर पंचायत नया बाराद्वार के नेहरू चौक में राष्ट्रीय राजमार्ग को सड़क पर किये गये अतिक्रमण को हटाने के सम्बन्ध सहित विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।




