त्रैमासिक बैठक में बच्चों एवं परिजनों से की मुलाकात, नियमित स्वास्थ्य जांच और मिशन वात्सल्य के तहत स्पॉन्सरशिप की समीक्षा
एमसीबी: पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत लाभान्वित बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुश्री संतन देवी जांगड़े ने योजना के लाभार्थी बच्चों के साथ त्रैमासिक बैठक कर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, दैनिक जरूरतों और पारिवारिक परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए उनके समग्र विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने बच्चों को भेंट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा द्वारा आयोजित इस बैठक में कलेक्टर ने बच्चों के परिजनों से भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों की देखभाल, पारिवारिक वातावरण और उनकी वर्तमान आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी लेते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नियमित स्वास्थ्य जांच और शिक्षा पर विशेष जोर
बैठक में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने पीएम केयर्स योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय देखभाल और बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की समीक्षा की। साथ ही बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और पढ़ाई में आ रही आवश्यकताओं के बारे में भी चर्चा की।
कलेक्टर ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनके बेहतर भविष्य के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और उचित देखभाल बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों की जरूरतों पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान देने और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मिशन वात्सल्य के तहत स्पॉन्सरशिप की समीक्षा
कलेक्टर ने मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता, संरक्षण और देखभाल से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों से बच्चों की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा परिवारों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में बच्चों के परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बच्चों तक पहुंच सके।
हर महीने हो रहा बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) ने बताया कि पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों का प्रतिमाह नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित रिपोर्ट भी नियमित रूप से राज्य स्तर पर भेजी जाती है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी की जा सके।
कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा उनकी आवश्यकताओं के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई, ताकि प्रत्येक लाभार्थी बच्चे को बेहतर देखभाल, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख), पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।




