Home छत्तीसगढ़ नीले बैग में गांजा लेकर पहुंचा युवक, रामनगर पुलिस ने घेराबंदी कर...

नीले बैग में गांजा लेकर पहुंचा युवक, रामनगर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

0

1.260 किलो गांजा जब्त, 62 हजार रुपये आंकी गई कीमत; एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार

रामनगर (अनूपपुर) :अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा लेकर जा रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी नीले रंग के बैग में गांजा लेकर फूलसाय दफाई, पौराधार की ओर पहुंचा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को थाना रामनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले रंग के बैग में अवैध गांजा लेकर फूलसाय दफाई, पौराधार की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों को साथ लेकर विसर्जन कुंड के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।

बैग की तलाशी में मिला 1.260 किलो गांजा

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम होरीदास चौधरी, पिता स्व. बरनू चौधरी, निवासी ग्राम छलकाटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर बताया। उसके पास मौजूद नीले बैग की विधिवत तलाशी लेने पर सफेद पॉलीथिन में रखा गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 1 किलो 260 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सउनि रामप्रसाद प्रजापति, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, राहुल प्रजापति, सनत द्विवेदी, सीमा तिवारी, आरक्षक अनुराग सिंह, अनुराग भार्गव सहित थाना रामनगर के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here