Home छत्तीसगढ़ दिव्यांग युवक के घर पहुंचकर प्रशासन ने कराया आधार पंजीयन, 4 घंटे...

दिव्यांग युवक के घर पहुंचकर प्रशासन ने कराया आधार पंजीयन, 4 घंटे की मेहनत के बाद मिली सफलता

0

मुड़ागांव के मदन नागेश को मिली बड़ी राहत, आधार नहीं होने से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में हो रही थी परेशानी

देवभोग -: विकासखंड देवभोग के अमलीपदर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ागांव निवासी दिव्यांग युवक मदन नागेश का आधार पंजीयन जिला प्रशासन की पहल से सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। शारीरिक दिव्यांगता के चलते मदन को आधार कार्ड बनवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हाथों की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण सामान्य प्रक्रिया से उंगलियों के निशान लेकर आधार पंजीयन करना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके घर पहुंचकर आधार पंजीयन की व्यवस्था कराई।

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश देवांगन ने बताया कि मदन नागेश की शारीरिक स्थिति को देखते हुए आधार ऑपरेटर को उनके घर जाकर पंजीयन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद आधार ऑपरेटर वेदप्रकाश सिन्हा ग्राम मुड़ागांव पहुंचे और पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की। हितग्राही की शारीरिक स्थिति को देखते हुए इस प्रक्रिया में काफी समय लगा। लगभग 3 से 4 घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आधार पंजीयन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। आधार ऑपरेटर ने धैर्य और मेहनत के साथ इस कार्य को अंजाम दिया।

आधार पंजीयन पूरा होने से मदन नागेश और उनके परिवार ने राहत की सांस ली है। आधार कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। अब पंजीयन पूरा होने के बाद पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।

इस पहल के लिए मदन नागेश एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्या को गंभीरता से लिया गया और घर पहुंचकर आधार पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद एवं दिव्यांग हितग्राहियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी को अनावश्यक परेशानी न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here