सक्ति : 2 नवंबर 2026 को जिला सक्ती अंतर्गत ग्राम पंचायत सोंठी में टेमर सम्पार के लिए प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सीधे ब्रिज निर्माण की योजना पर आपत्ति जताते हुए H-आकार का ब्रिज बनाने का लिखित सुझाव प्रस्तुत किया।जनसुनवाई में एसडीएम सुश्री कावेरी मरकाम, तहसीलदार लीलाधर चंद्रा, सेतु निगम के अधिकारी तथा जिला पंचायत सभापति श्रीमती विद्या सिदार उपस्थित रहे। बैठक में 60 प्रभावित परिवारों के नाम और विवरण पढ़कर सुनाए गए। इसके बाद सहमति-असहमति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र वितरित किए गए, जिनमें 30 से अधिक परिवारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सीधे ब्रिज का निर्माण होने से कई मकान और दुकानें प्रभावित होंगी तथा पेड़-पौधों की कटाई भी करनी पड़ेगी। इसके अलावा भारी वाहनों के अंबेडकर चौक और झूल कदम मार्ग से गुजरने के कारण भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ सकता है।इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने 9 सूत्रीय लिखित सुझाव सौंपते हुए सोंठी ब्रिज से जोड़कर टेमर सम्पार के लिए H-आकार का ओवरब्रिज बनाने की मांग की। उनके प्रस्ताव के अनुसार भारी वाहनों को बोइरडीह-नंदेली मार्ग से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचाया जा सकता है। इससे मकान-दुकानों को बचाने, पर्यावरण संरक्षण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
इस दौरान उपसरपंच, पूर्व जनपद सदस्य, पंचगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। अब देखना होगा कि प्रशासन और सेतु निगम ग्रामीणों के इस 9 सूत्रीय सुझाव पर क्या निर्णय लेते हैं और प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण की रूपरेखा में क्या बदलाव किया जाता है




