कवर्धा : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कबीरधाम जिले के ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पंडरिया विकासखंड के ग्राम क्षीरपानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के विकास के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री उन्नयन कोष से 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
स्वास्थ्य मंत्री बुधवार, 4 नवंबर को ग्राम क्षीरपानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वीकृत राशि की जानकारी दी। इस रकम से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही भवन में आवश्यक मरम्मत कार्य भी किए जाएंगे।
इन विकास कार्यों से स्वास्थ्य केंद्र परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर और सुलभ उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी अधोसंरचना और सुविधाओं का विकास होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे सामान्य उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने की जरूरत भी कम होगी।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




