अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : आज के दौर में युवा जहां नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं, वहीं कुछ युवा अपनी मेहनत, लगन और नवाचार के दम पर स्वरोजगार की नई राह तैयार कर रहे हैं। ऐसे ही युवाओं में जिले के गुंडरदेही विकास खंड के ग्राम पैरी के युवा प्रतीक साहू का नाम शामिल है, जिन्होंने परंपरागत व्यवसायों से हटकर मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन को अपना व्यवसाय बनाया और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर अपनी अलग पहचान स्थापित की है।मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए बालोद जिला मुख्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रतीक साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा अपनाए गए नए व्यवसाय और स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
प्रतीक साहू ने एक अलग सोच के साथ मधुमक्खी पालन जैसे व्यवसाय को अपनाकर यह साबित किया है कि यदि युवाओं में कुछ नया करने का जुनून और मेहनत करने का जज्बा हो, तो ग्रामीण परिवेश में रहकर भी सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। मधुमक्खी पालन न केवल स्वरोजगार का एक बेहतर माध्यम है, बल्कि शहद उत्पादन के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उनका यह प्रयास ग्रामीण युवाओं को कृषि आधारित एवं परंपरागत खेती से जुड़े नए व्यवसायों की ओर प्रेरित करने वाला है।
प्रतीक साहू ग्राम पैरी निवासी परसुराम साहू एवं श्रीमती डिलेश्वरी साहू के सुपुत्र हैं। राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में सम्मान प्राप्त होने से उनके परिवार, शुभचिंतकों एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।प्रतीक साहू की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं।




