अयोध्या: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान 45 दिन के अंदर अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सवा करोड़ से भी अधिक रही है. राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के 1 वर्ष से पूरा होने के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी संख्या दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंची है. यह एक रिकॉर्ड है. ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आंकड़े जारी कर दावा किया है कि मकर संक्रांति से महाशिवरात्रि तक 1 करोड़ 26 लाख 45 हजार 697 श्रद्धालुओं ने रामलाल के दर्शन किए हैं.
ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के मुताबिक, बिना किसी घटना के पर्याप्त सुविधाओं के साथ राम मंदिर में इतनी बड़ी श्रद्धालुओं की संख्या ने सुगमता पूर्वक रामलला के दर्शन किए हैं. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश के बाद दर्शन कराए जाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसमें जिला प्रशासन के साथ ट्रस्ट के द्वारा 300 से अधिक वालंटियर भी लगाए गए.
बता दें कि प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अयोध्या और वाराणसी का ही रुख किया. हर दिन लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे. रामलला के दर्शन के लिए रोज ही लंबी लाइन लगी. यह सिलसिला अब भी जारी है. बुधवार शाम होते ही लाखों श्रद्धालुओं का जत्था राम मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुंच गया. भारी भीड़ के चलते बुधवार को राम मंदिर के कपाट देर रात लगभग 12 बजे तक खुले रहे. श्रद्धालु दर्शन करते रहे.
महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु अर्पित कुमार ने बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ स्नान करने के बाद आज राम मंदिर में दर्शन के लिए आए हैं. मंदिर में जाने के लिए पहले 5 किलोमीटर लंबा चलना पड़ रहा है. भीड़ बहुत है. हालांकि मंदिर में पहुंचने के बाद महज कुछ ही देर में दर्शन हो जाते हैं.



