नई दिल्ली: सलमान खान ने ‘सिकंदर’ से दमदार वापसी की है. फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस से 56 करोड़ रुपये कमा लिए. अब खबर आ रही है कि वे धर्मेंद्र स्टारर ‘शोले’ और ‘सीता और गीता’ के रीमेक बनाना चाहते हैं. अगर यह सच साबित होता है, तो इससे बेहतर बात नहीं हो सकती. चूंकि सलमान खान, धर्मेंद्र के बहुत बड़े फैन हैं. वे उन्हें उनके बेटों सनी देओल और बॉबी देओल से ज्यादा फॉलो करते हैं. दरअसल, पिता सलीम खान के बाद अगर सलमान खान किसी को फॉलो करते हैं, तो वह धर्मेंद्र हैं. सलमान खान का देओल परिवार से गहरा नाता है. वे सालों से बॉबी और सनी देओल के दोस्त हैं. उन्होंने बॉबी को करियर संवारने में भी मदद की थी. भाईजान ने एक इंटरव्यू में धर्मेंद्र के लिए कहा, ‘वे फिल्म इंडस्ट्री के सबसे शानदार शख्स हैं. दरअसल, मैंने अपने पूरे करियर में पिता के बाद धरमजी को फॉलो किया है. बल्कि मैं तो उन्हें उनके बेटों से ज्यादा फॉलो करता हूं.’
धर्मेंद्र की 4-5 फिल्मों का बनाना चाहते हैं रीमेक
सलमान खान से जब पूछा गया कि वह धर्मेंद्र की कौन सी फिल्मों की रीमेक बनाना चाहेंगे, तो वे बोले, ‘उनकी 3-4 पिक्चर का मैं रीमेक करूंगा. एक तो उन्होंने ‘चाचा भतीजा’ की थी, उसका करूंगा. एक ‘सीता और गीता’ का करूंगा. ‘शोले’ तो जरूर करूंगा. उनकी पिक्चर आई थी ‘राम बलराम’. उनकी मैंने हर एक पिक्चर देखी है.’ सलमान खान के फैंस फिलहाल ईद के मौके पर उनकी फिल्म ‘सिकंदर’ का आनंद उठा रहे हैं, जिसमें वे रश्मिका मंदाना के अपोजिट नजर आ रहे हैं. फिल्म को ज्यादातर लोग सराह रहे हैं. हालांकि, ‘सिकंदर’ के ऑनलाइन लीक होने के बाद मेकर्स को तगड़ा झटका लगा है. कोमल नाहटा ने एक पोस्ट के जरिये बताया कि सिकंदर रिलीज से पहले ही लीक हो गई थी, जिसके बाद प्रोड्यूसर एक्शन में आए और अधिकारियों से करीब 600 साइटों को हटाने का निर्देश दिया.



