
रिपोर्टर मुन्ना पांडेय,सरगुजा लखनपुर : स्थानीय सेंट्रल बैंक शाखा में बैठे कर्मचारियों के रूखे सख्त व्यवहार से बैंक उपभोक्ता काफी परेशान है।शासकीय कर्मचारी, किसान पेंशनधारी ,आम बैंक उपभोक्ता अपने खुद के जमा पैसे अथवा शासन द्वारा जारी राशि आहरण करने बैंक में घंटों इंतजार करना पड़ता है। इतना ही नहीं जरूरी खाता समय सीमा में नहीं खोले जाने कारण उपभोक्ताओं को बैंक के फेरे लगाने पड़ते
है ।बैंक में नया खाता खोलने के बाद पासबुक देने में बैंक कर्मियों को तकलीफ़ होती है ।
केशियर के कुर्सी पर बैठे कर्मचारी के हिटलर शाही तथा उसके अभद्र व्यवहार से भी खाताधारी काफी असंतुष्ट तथा नाराज़ हैं। आरोप है कि बैंक केशियर द्वारा ग्राहकों को घंटों लाइन में खड़ा करा दिया जाता है। पासबुक एंट्री के लिए अक्सर लोगों को यह कहकर मना कर दिया जाता है की मशीन खराब है सरवर नहीं है। इस तरह से सेन्ट्रल बैंक शाखा में अव्यवस्था पसरी हुई है ।बैंक कर्मियों के मनमर्जी से बैंक कार्य संचालित है। कैश कमी के वजह से बैंक एटीएम का लाभ भी उपभोक्ताओं को सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।
बैंक मैनेजर द्वारा इस तरह के बुनियादी असुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता । एटीएम खाताधारी भटकते हुए दूसरे बैंक के एटीएम से पैसा निकालने मजबूर हो जाते हैं। उम्र दराज बुजुर्ग महिला व पुरुष काउंटर में 11:00 बजे से पासबुक जमा कर दो-तीन बजे तक अपना पैसा पाने इंतजार करते नजर आते हैं। खाताधारकों को जरूरत के हिसाब से पैसा नहीं दिया जाता।कम पैसा देकर भेज दिया जाता है। नतीजन लोग मजबूर होकर खाता बंद कर रहे हैं या फिर सेन्ट्रल बैंक से खाता बंद करके दूसरे बैंकों में खाता खुलवाने मजबूर है। बैंक जिम्मेदारो के उदासीन रवैया, के फलस्वरूप बैंक के प्रति असन्तोष पनपने लगा है। बैंक ग्राहक भीषण गर्मी के दिनों में भूखे प्यासे खड़े रहकर अपना पैसा पाने मशक्कत कर रहे हैं। बैंक मे भीड़ होने के कारण सड़क में आवागमन बाधित हो जाता है। ग्राहकों के बैठने तथा पीने के पानी तक की व्यवस्था बैंक में नहीं है।
बुजुर्ग खातेदार परेशान रहते हैं।
सच्चाई है कि गरीब, मध्यम वर्गीय लोगों के लिए बैंक में बहुत सारी नियम कायदे बनाये गये हैं। व्यापारी वर्ग के सभी तरह की बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं में काफी भेदभाव पूर्ण व्यवहार किया जाता है। सेंट्रल बैंक प्रबंधक आलोक बेक-इस अव्यवस्था को लेकर चर्चा करने पर शाखा मैनेजर ने बताया कि हम अपने कैशियर के ऊपर ज्यादा दबाव नहीं डाल सकते बैंक में काफी भीड़भाड़ रहती है जिसके वजह से दिक्कत है। इसे जल्दी ही ठीक कर लिया जाएगा।



