
28 अप्रैल 2025:- गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में तरह-तरह के आम दिखने लगते हैं. मीठे, रसीले और खुशबूदार आम देखकर हर किसी का मन ललचा जाता है. बच्चे हों या बड़े, सभी आम खाने के शौकीन होते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा आम खाना आपकी हेल्थ पर बुरा असर डाल सकता है? इसलिए आम खाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
आम खाते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए
आम में प्राकृतिक रूप से शुगर की मात्रा बहुत अधिक होती है. अगर आप एक बार में ज्यादा आम खा लेते हैं, तो इससे ब्लड शुगर बढ़ सकता है. खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए यह बेहद खतरनाक हो सकता है. इसलिए उन्हें आम खाते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए और सीमित मात्रा में ही आम का सेवन करना चाहिए.
पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है
सिर्फ इतना ही नहीं, ज्यादा आम खाने से पाचन तंत्र भी प्रभावित हो सकता है. आहार विशेषज्ञ मंजू मठालकर के अनुसार, जरूरत से ज्यादा आम खाने से दस्त यानी लूज मोशन या डायरिया की समस्या हो सकती है. इसलिए संतुलित मात्रा में ही आम खाना फायदेमंद होता है.
पेट खराब होना भी संभव है
अगर आप आम का रस पीने की बजाय सीधा आम खाते हैं, तो आपको उसमें मौजूद फाइबर का भी फायदा मिलता है. फाइबर शरीर के पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से बचाता है, लेकिन अगर फाइबर की मात्रा ज्यादा हो जाए, तो पेट खराब होना भी संभव है. इसलिए ध्यान रखें कि स्वाद के चक्कर में सेहत से समझौता न करें.



