वेटिकन सिटी: नए पोप के चुनाव के लिए बुधवार से कान्क्लेव शुरू होगी। ऐसा कोई नियम नहीं है कि कार्डिनल राष्ट्रीयता या क्षेत्र के हिसाब से मतदान करें, लेकिन भौगोलिक लिहाज से उनके दृष्टिकोण को समझने से उनकी प्राथमिकताएं पता चलती हैं। यही कारण है कि दुनियाभर के 140 करोड़ कैथोलिक के नए पोप का चुनाव भौगोलिक विविधता के लिहाज से ऐतिहासिक होगा।
अब जैसे वेटिकन लिटर्गी ऑफिस के कार्डिनल की प्राथमिकताएं उलानबटार, मंगोलिया के आर्कबिशप से अलग होंगी। यूरोप के सैकड़ों पादरियों के जिम्मेदार कार्डिनल, युद्धग्रस्त सीरिया में वेटिकन का राजदूत या सरकारी हमले से जूझ रहे मानागुआ, निकारागुआ के चर्च के आर्कबिशप से बिल्कुल अलग प्राथमिकताएं रखता होगा। इनकी यही प्राथमिकताएं नए पोप के चयन में दिख सकती हैं।
सख्त गोपनीयता की प्रक्रिया
हालांकि, दुनिया के सबसे गुप्त मतदान में किसने-किसे वोट दिया, पता किसी को नहीं चल सकेगा। कान्क्लेव से पूर्व सोमवार से कार्डिनल के सहायक कर्मचारियों ने पौलीन चैपल में गोपनीयता की शपथ लेना शुरू कर दिया। इनमें चिकित्सक, नर्स, खानसामा, चालक, लिफ्ट चालक, सफाई समेत कई जरूरी कामों से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं। यह सभी कर्मचारी कान्क्लेव के दौरान बाहर नहीं जा सकेंगे। इस शपथ के टूटने का मतलब सीधे चर्च से उस व्यक्ति का निष्कासन होगा। वहीं, बुधवार से सिस्टीन चैपल में कार्डिनल शपथ लेकर कान्क्लेव की शुरुआत करेंगे।



