
उत्तर प्रदेश:- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया, जब एक गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते आग लग गई. इस भीषण हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कुल 11 लोग झुलस गए. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
गृह प्रवेश की तैयारी बनी हादसे की वजह:- यह दर्दनाक घटना बौंडी थाना क्षेत्र के गांव सिपहिया चारी की है, जहां देशराज यादव के घर गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. परिवार में उत्सव का माहौल था, लोग भोजन की तैयारी में जुटे थे. लेकिन किसे पता था कि चंद पलों में खुशियाँ मातम में बदल जाएंगी.
खाना बनाते समय गैस लीक, फिर लगी आग:- अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि खाना पकाते समय सिलेंडर की गैस किसी कारणवश खुली रह गई और धीरे-धीरे कमरे में भरने लगी. जब रसोई में दाल में छौंक लगाने के लिए चूल्हा जलाया गया, तो अचानक सिलेंडर में आग लग गई. गैस के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए.
गांव में पसरा मातम, प्रशासन ने दिलाया मदद का भरोसा:- इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है. जिन घरों में सुबह तक पूजा-पाठ और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां अब सिर्फ चीत्कार और सन्नाटा है. स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है.



