रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीराम नगर में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजा तांडेकर के रूप में हुई है। इलाके में पहले से ही नशे को लेकर विवाद और आपराधिक गतिविधियों की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार मामला हत्या तक पहुंच गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे के आसपास राजा तांडेकर कुछ दोस्तों के साथ मोहल्ले में बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और राजा से बहस करने लगे। देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई और अचानक एक युवक ने राजा पर चाकू से कई वार कर दिए। चर्चा है कि मृतक शुरू से ही नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाता रहा और नशा विरोधी समूह के साथ ही बैठा था।
गंभीर रूप से घायल राजा को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि काशीराम नगर और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ महीनों से नशे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ा है। कई गुट इस अवैध धंधे पर कब्जा जमाने की कोशिश में हैं।



