Home देश दिल्ली में मानसून की एंट्री, हिमाचल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी,...

दिल्ली में मानसून की एंट्री, हिमाचल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी, देशभर में कैसा रहेगा मौसम..

0

दिल्ली :- दिल्ली में मानसून अपने सामान्य आगमन से कुछ दिन पहले आज यानी मंगलवार को दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने आज पूरे दिन के लिए गरज के साथ बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काइमेट’ ने कहा कि दिल्ली में मानसून मंगलवार को दस्तक दे सकता है। इसने X पर कहा, “दिल्ली में 24 जून तक मानसून के आने की संभावना है। उमस, पूर्वी हवाएं चलने और पारे में गिरावट के आसार हैं। आज हल्की बारिश हो सकती है, उसके बाद कल और सप्ताह के कुछ अन्य दिन भी भारी बारिश का अनुमान है।”

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम:- दक्षिण पश्चिम मानसून के असर के चलते राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राज्य की सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। IMD के अनुसार आज कोटा, भरतपुर और जयपुर संभागों में कहीं-कहीं भारी या अतिभारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 25-27 जून के दौरान आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसके अनुसार, बंगाल की खाड़ी में आगामी दिनों में एक नया मौसमी तंत्र बनने के कारण पूर्वी राजस्थान में 27 जून से फिर भारी बारिश होगी।

गोरखपुर समेत UP के इन जिलों में कैसा रहेगा मौसम:- रुक-रुककर बारिश होने से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग की माने तो गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में आज भी भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पूरे हफ्ते छिटपुट बारिश हो सकती है।

MP के मौसम का हाल:- पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 27 जून तक मध्य प्रदेश में भी कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बरसात जारी रहने की संभावना है। अगर बिहार, झारखंड, ओडिशा की बात करें तो यहां 27 जून तक, विदर्भ में 25-26 जून को अलग-अलग स्थानों पर बहुत बारिश की संभावना है।

गुजरात के सूरत में जोरदार बारिश:- गुजरात के सूरत में जबरदस्त बारिश के चलते यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। SDM जिगना परमार ने बताया कि 100 मिमी से अधिक बारिश के कारण सड़के जलमग्न हो गई हैं। निचले इलाकों में 4-5 सोसायटियां जलमग्न हैं लेकिन अब तक किसी नुकसान की खबर नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here