
कोलकाता:- कोलकाता के कुख्यात आर जी कर बलात्कार और हत्या मामले को साल भर भी नहीं हुआ कि शहर से एक और दरिंदगी की वारदात सामने आई है। कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित एक लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की खबर है। यह घटना कथित तौर पर 25 जून को हुई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी गिरफ्तारियां गुरुवार रात को की गईं, जिनमें से दो कॉलेज के छात्र हैं, जबकि तीसरा पूर्व छात्र है। शिकायत दर्ज होने के बाद गुरुवार शाम को दोनों छात्रों को तालबगान इलाके से उठाया गया। दोनों से पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कोलकाता पुलिस ने अब कोलकाता के लॉ कॉलेज के अंदर घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है, जहां यह घटना हुई थी और कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम जल्द ही घटनास्थल से नमूने एकत्र करना शुरू कर देगी। कॉलेज के अंदर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में कॉलेज के अधिकारियों से पूछताछ जारी है।हालिया जानकारी के अनुसार तीनों आरोपियों को चार दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



