
नई दिल्ली : स्मृति मंधाना के शतक के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को इंग्लैंड को 97 रनों से हरा दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और मंधाना के 112 रनों के दम पर पांच विकेट खोकर 210 रन बनाए। इंग्लैंड की महिला टीम ट्रेंट ब्रिज में खेले गए इस मैच में 14.5 ओवरों में 113 रनों पर ही ढेर हो गई।
मंधाना ने अपनी पारी में 62 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और तीन छक्के मारे। उनके अलावा हरलीन देओल ने 23 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 43 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान नेट सिवर ब्रंट ने अकले लड़ाई लड़ी और अर्धशतक जमाया।
शुरू से रहीं हावी
यहां से कप्तान अकेले लड़ती रहीं और टीम इंडिया की गेंदबाजों ने एक-एक कर इंग्लैंड की बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। पूरी टीम 15वें ओवर की पांचवीं गेंद तक ऑल आउट हो गई। भारत की तरफ से डेब्यू मैच खेल रहीं श्री चरणी ने चार विकेट लिए। दीप्ति और राधा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इंग्लिश कप्तान ने 42 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 66 रनों की पारी खेली ।



