
अमेरिका में खेली जा रही मेजर लीग क्रिकेट के मौजूदा सीजन में पहले फाइनलिस्ट के नाम पर मुहर लग चुकी है. ये वो टीम है जिसे फाइनल का टिकट मिलने के बाद खिताब को डिफेंड करने का भी एक बड़ा मौका मिला है. MLC 2025 के क्वालिफायर 1 मुकाबले में टेक्सस सुपर किंग्स का मुकाबला वाशिंगटन फ्रीडम से था. इस मैच में टॉस तो हुआ मगर एक भी गेंद का खेल नहीं हो सका. नतीजा ये हुआ कि मैच को रद्द करना पड़ा और वाशिंगटन फ्रीडम को उसका विजेता घोषित कर दिया गया.
फाइनल में वाशिंगटन फ्रीडम:- वाशिंगटन फ्रीडम, लीग की डिफेंडिंग चैंपियन है. मतलब, पिछले साल उसने MLC का खिताब जीता था. और, अब इस बार भी क्वालिफायर 1 के रद्द होने के चलते उसे वो मौका मिला है. वाशिंगटन फ्रीडम को ही ये मौका क्यों और कैसे मिला? इस पर हम बात करेंगे लेकिन उससे पहले ये जान लेते हैं कि क्वालिफायर 1 जैसा अहम मैच रद्द क्यों हुआ?
बारिश के चलते क्वालिफायर 1 रद्द:- वाशिंगटन फ्रीडम और टेक्सस सुपर किंग्स के बीच होने वाला क्वालिफायर 1 बारिश के चलते रद्द कर दिया गया. बारिश जो एक बार शुरू हुई वो खत्म ही नहीं हुई, जिसके बाद मैच को खत्म करने का फैसला लेना पड़ाय. मैच में हालांकि टॉस हो गया था, जिसे वाशिंगटन फ्रीडम ने जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था.
क्यों वाशिंगटन फ्रीडम को ही मिला फाइनल का टिकट:- अब सवाल है कि वाशिंगटन फ्रीडम को ही फाइनल का टिकट क्यों मिला, टेक्सस सुपर किंग्स को क्यों नही? ऐसा इसलिए क्योंकि वाशिंगटन फ्रीडम पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर थी. उसके जीते गए मैचों की संख्या ज्यादा थी. उसके पॉइंट्स टेक्सस सुपर किंग्स से ज्यादा थे. टेक्सस सुपर किंग्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर की टीम रही थी.
टेक्सस सुपर किंग्स भी खेलेगी फाइनल:- अगर क्वालिफायर 1 बारिश के चलते रद्द ना होता तो हो सकता है कि ये टीम फाइनल में वाशिंगटन फ्रीडम की जगह होती. लेकिन, अब ऐसा नहीं है. टेक्सस सुपर किंग्स को अब फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालिफायर टू जीतना होगा, जहां उसका मुकाबला एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा.



