नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बर्मिंघम के एजबेस्टन में शनिवार को खेले गए पांचवें और आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड ने पांच विकेट से शिकस्त दी। हालांकि, 3-1 की अजेय बढ़त के साथ अंतिम मैच खेलने उतरी भारतीय टीम ने 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली। सीरीज जीतने के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया।
यह महिला क्रिकेट इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टी20I सीरीज जीत है। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 6 द्विपक्षीय टी20I सीरीज में हार का सामना किया था। भारत ने 2006 में डर्बी में इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र T20 मैच जीता था, जो दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट का पहला मैच था।
इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन का स्कोर बनाया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शेफाली ने 23 गेंद में अपना 11वां T20I अर्धशतक जड़ा।
ऋचा घोष (14 गेंद में 20 रन), राधा यादव (14 गेंद में नाबाद 14) और अरुंधति रेड्डी (5 गेंद में नाबाद 9 रन) की छोटी पारियों ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। चार्ली डीन ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।
इंग्लैंड के लिए सोफिया डंकले और डेनिएल व्याट-हॉज की सलामी जोड़ी ने ठोस शुरुआत की। सोफिया डंकले ने 46 रनों की पारी खेली, जबकि डेनिएल 56 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अलावा इंग्लिश कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने 30 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से दीप्ति और अरुंधति ने दो-दो विकेट लिए।



