एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : गीदम पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए केरल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी “द गुड गाइस इलेक्ट्रानिक कंपनी” के नाम पर वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर 61 लाख रुपये की ठगी में शामिल थे।पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक गौरव ठाकुर और निरीक्षक विजय पटेल की टीम ने केरल के कोझिकोड जिले से लागिथ गणेश (30), जितिन (30), और मुनीर यूपी (28) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो मोबाइल, बैंक पासबुक, और 1,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
आवेदक भूपेंद्र तेलामी को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए ठगा गया, जहां उन्हें टेंडर ओपन करने के नाम पर विभिन्न खातों में 61 लाख रुपये जमा करवाए गए। मामले में पहले भी महाराष्ट्र और राजस्थान से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों को 5 अगस्त 2025 को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।साइबर सेल और गीदम पुलिस की इस कार्रवाई में प्रशांत सिंह, केशव पटेल, ईश्वर ठाकुर, मिथलेश पुजारी, और विश्वनाथ नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



