छत्तीसगढ़ी परंपराओं का उत्सव, महिलाओं और बच्चों ने बांधा समां
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : किरंदुल छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंडल के तत्वावधान में सावन झूला उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपराओं और महिला सशक्तिकरण को समर्पित रहा। पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के बीच आयोजित इस उत्सव ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी-देवताओं के पूजन और पारंपरिक लोकगीतों के साथ हुआ। सावन की रिमझिम फुहारों के बीच सभी समुदायों की महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने झूला झूलते हुए लोकगीतों पर झूमकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। सैकड़ों बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और भी जीवंत बनाया।
इस अवसर पर सभी समुदायों की महिला अध्यक्षों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी मेलजोल को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की इच्छा जताई, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।आयोजन की सफलता में मंडल के सभी सदस्यों, महिला समूहों और बच्चों के सराहनीय योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।



