
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल: श्री कृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर लौह नगरी किरंदुल के फुटबॉल ग्राउंड में शनिवार शाम 5:30 बजे स्पिरिट बॉयज समिति के तत्वाधान में भव्य दही हांडी मटकी फोड़ उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर के सनातनी समुदाय ने एकजुट होकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कई दिनों से स्पिरिट बॉयज आयोजन समिति के संरक्षक मंडली और युवाओं की एक बड़ी कमेटी इस आयोजन को भव्य बनाने में जुटी थी।
महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिनके लिए विशेष रूप से कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने गोविंदाओं को भी मटका फोड़ने का अवसर मिला, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने दही हांडी फोड़कर सभी का मन मोह लिया। बड़े गोविंदाओं के लिए आयोजित दही हांडी प्रतियोगिता में किरंदुल, बचेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
शानदार प्रदर्शन के साथ शुकरु कैम्प की टीम विजेता बनी और उन्हें 10,000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता टीम को 7,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान मैदान में “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “नंद के आनंद भयो, तीनों लोक गीत लियो” जैसे जयकारों की गूंज रही। आयोजन के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी सिंह, एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक रविन्द्र नारायण, कार्मिक प्रमुख के.एल. नागवेणी, उप महाप्रबंधक कार्मिक तनवीर जावेद, सिविल प्रमुख एस.के. पाण्डे, श्रमिक संघ एटक के अध्यक्ष देवरायलु, सचिव राजेश संधू, कार्यकारी अध्यक्ष रोशन मिश्रा, पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी जोविंस पापाचंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



