Home स्वास्थ्य किडनी को रखना है हेल्दी तो रोजाना कितना पानी पीना चाहिए ,जानें...

किडनी को रखना है हेल्दी तो रोजाना कितना पानी पीना चाहिए ,जानें एक्सपर्ट से….

0

किडनी हमारे शरीर का बेहद जरूरी अंग है, जो कमर के नीचे रीढ़ की हड्डी के दोनों ओर मौजूद होती है. इनका आकार राजमा की तरह होता है और यह शरीर के फिल्टर का काम करती हैं. किडनी खून को साफ करके शरीर से टॉक्सिक पदार्थ और अतिरिक्त पानी को यूरिन के रूप में बाहर निकालती है. यही नहीं, यह शरीर में मिनरल्स और इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बनाए रखती है. साथ ही, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करती है और रेड ब्लड सेल्स को बनाने में भी भूमिका निभाती है. अगर किडनी सही से काम न करे, तो शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जिससे गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. इसलिए किडनी की सेहत का ख्याल रखना बेहद जरूरी है.

पानी शरीर की हर प्रोसेस के लिए जरूरी है, लेकिन किडनी के लिए इसका महत्व सबसे ज्यादा है. जब हम पर्याप्त मात्रा में पानी पीते हैं, तो यह किडनी के टॉक्सिक पदार्थों को आसानी से बाहर निकालने में मदद करता है. पानी यूरिन को पतला बनाता है, जिससे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन और किडनी स्टोन जैसी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है. अगर शरीर को पर्याप्त पानी न मिले तो यूरिन गाढ़ा हो जाता है और किडनी पर ज्यादा दबाव पड़ता है. यही वजह है कि डिहाइड्रेशन से किडनी डैमेज होने का खतरा बढ़ सकता है. इसीलिए पानी को किडनी का सबसे अच्छा नेचुरल मेडिसिन माना जाता है.

किडनी की सेहत के लिए रोजाना कितना पानी पीना चाहिए:- आमतौर पर स्वस्थ व्यक्ति के लिए दिनभर में 2 से 3 लीटर पानी पीना जरूरी माना जाता है. हालांकि, यह मात्रा उम्र, वजन, मौसम और फिजिकल एक्टिविटी पर निर्भर करती है. गर्मी के मौसम में या ज्यादा पसीना आने पर शरीर को अधिक पानी की जरूरत होती है. वहीं, जिन लोगों को किडनी से जुड़ी कोई समस्या, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां हैं, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार पानी पीना चाहिए.

ज्यादा पानी पीना भी उतना ही नुकसानदायक हो सकता है जितना कम पानी पीना. इसलिए बैलेंस बनाए रखना जरूरी है. सबसे आसान तरीका यह है कि दिनभर में बार-बार पानी पिएं और अपने यूरिन के रंग पर ध्यान दें. हल्का पीला या साफ यूरिन इस बात का संकेत है कि शरीर को पर्याप्त पानी मिल रहा है.

इन चीजों का रखें ध्यान

रोजाना 8,10 गिलास पानी पिएं.

प्यास लगने का इंतजार न करें, समय-समय पर पानी पिएं.

शुगर ड्रिंक्स या सोडा की जगह सादा पानी चुनें.

सुबह उठते ही एक गिलास पानी पीने की आदत डालें.

एक्सरसाइज या धूप में रहने के बाद खूब पानी पिएं.

किडनी की बीमारी वाले लोग डॉक्टर की सलाह के अनुसार पानी पिएं.

यूरिन के रंग पर ध्यान दें, अगर गाढ़ा पीला दिखे तो पानी की मात्रा बढ़ाएं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here