भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार (21 अगस्त) को गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल में भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, गुरुवार को यहां मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। दिल्ली का मौसम भी सामान्य रहेगा और यहां लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी हो सकती है। वहीं, मुंबई में भारी बारिश के चलते हालात खराब हैं और गुरुवार को भी यहां भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद:- हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और ऊना, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े हैं। ऊना के अंब और गगरेट अनुमंडलों में एहतियात के तौर पर शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। कुल्लू के मनाली और बंजार व मंडी जिले के इलाकों में अचानक आई बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के बाद स्कूल बंद करने का फैसला किया गया। कन्नूर जिले में कैलाश यात्रा से लौटते समय चट्टान गिरने से मारे गए तीर्थयात्री का शव बुधवार को बरामद हुआ। मंगलवार को गणेश गुफा के पास हुए हादसे में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी गौरव (31) घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
मुंबईवासियों को राहत, ऑरेंज अलर्ट जारी:- बुधवार के दिन बारिश की तीव्रता कम होने से मुंबई के लोगों को राहत मिली थी। हालांकि, गुरुवार को भी यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन हालात पहले से बेहतर रहने के आसार हैं। यहां जनजीवन पटरी पर लौट रहा है और लोकल ट्रेन सहित सभी सेवाएं बहाल हो चुकी हैं। स्कूल-कॉलेज भी खुल चुके हैं। आईएमडी ने बारिश की तीव्रता कम होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। बीएमसी ने कहा कि सभी विभाग अलर्ट पर हैं और जरूरत पड़ने पर जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार हैं। आपात स्थिति के दौरान सहायता के लिए नगर निगम के आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।



