Home छत्तीसगढ़ बीजापुर में शनिवार को पत्रकारों के लिए वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन

बीजापुर में शनिवार को पत्रकारों के लिए वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन

0

पी सतीश कुमार, बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला मुख्यालय में शनिवार 13 सितम्बर को पत्र सूचना कार्यालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से पत्रकारों के लिए वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय है— “नक्सलवाद मुक्ति का मार्ग : सुरक्षा से समावेशी विकास की ओर”। इसमें केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री विक्रम मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र यादव एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी पत्रकारों को दी जाएगी। इसमें खासतौर पर नक्सल समर्पण एवं पुनर्वास नीति-2025, “माओइस्ट-फ्री पंचायत” अभियान, समर्पण करने वाले नक्सलियों को विशेष प्रोत्साहन, बस्तर क्षेत्र में सड़कों और पुलों का निर्माण, मोबाइल नेटवर्क और बिजली की सुविधा, ‘नियाद नेल्लनार’ योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया जाएगा कि किस प्रकार सुरक्षा अभियानों और विकास कार्यों के माध्यम से नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में राज्य व केंद्र सरकार काम कर रही है। पंचायतों को नक्सल-मुक्त घोषित करने पर विशेष अनुदान और बुनियादी ढांचे की तेजी से उपलब्धता ने स्थानीय लोगों में विश्वास जगाया है। पुनर्वास नीति के अंतर्गत हिंसा से प्रभावित परिवारों और समर्पित नक्सलियों को आर्थिक सहायता, आवास, रोजगार और शिक्षा के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

इस वार्तालाप कार्यक्रम से पत्रकारों को मौके पर चल रही योजनाओं की वस्तुस्थिति समझने और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here