एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर, किरंदुल के गौरव पथ पर जगह-जगह हुए गड्ढों से परेशान लोगों को राहत देने के लिए नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ने अपनी टीम के साथ मिलकर एक सराहनीय पहल की। नवरात्रि के दौरान भारी संख्या में माता दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले भक्तों की सुविधा के लिए सिद्दीकी ने स्वयं गड्ढों को भरने का बीड़ा उठाया।
पिछले कई दिनों से स्थानीय प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन से सड़कों के गड्ढों को भरने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से नाराज सिद्दीकी ने अपने साथी पार्षदों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और पत्रकारों के साथ मिलकर यह कार्य शुरू किया। “अकेला ही चला था जानिबे मंजिल मगर, लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया” की तर्ज पर लोग जुड़ते गए और बस स्टैंड से कोडेनार नंबर 4 स्थित पेट्रोल पंप तक के सभी गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया।
बबलू सिद्दीकी ने बताया, “नवरात्रि में सैकड़ों भक्त किरंदुल से पैदल दंतेवाड़ा माता दंतेश्वरी के दर्शन के लिए जाते हैं। रात के समय इन गड्ढों से दुर्घटना का खतरा रहता है। हमने प्रशासन से बार-बार अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए, हमने खुद यह जिम्मेदारी ली। आज आधे से ज्यादा गड्ढे भर दिए गए हैं, और बाकी को कल तक पूरा कर लिया जाएगा।”
इस नेक कार्य में जोविन्स पापाचन, राजू रेड्डी, अमित टंडन, राजू कुंजाम, किशोर रामटेके, रवि सरकार, बाल सिंह कश्यप, दिनेश प्रसाद सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। इस पहल ने न केवल नवरात्रि पदयात्रियों को राहत दी, बल्कि किरंदुल नगर के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
जब प्रशासन जनता की समस्याओं पर ध्यान न दे, तब बबलू सिद्दीकी जैसे नेताओं और समाजसेवियों का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है, जो अपने दम पर और जोखिम उठाकर जनहित के कार्यों को अंजाम देते हैं।



