आज की गलत लाइफस्टाइल, गलत खानपान और तनाव भरी जीवनशैली के कारण पाइल्स की समस्या आम होती जा रही है. यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें गुदा के आसपास की नसों में सूजन आ जाती है, जिससे दर्द, जलन और कभी-कभी खून आने जैसी परेशानियां होती हैं. डॉ. अजीत के अनुसार, पाइल्स का सबसे बड़ा कारण कब्ज और असंतुलित आहार है. अगर समय रहते खानपान पर ध्यान दिया जाए तो इस समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है. सही डाइट न सिर्फ पाचन को मजबूत करती है बल्कि मल को मुलायम बनाकर दर्द और सूजन से भी राहत देती है. इस आर्टिकल में हम जानेंगे डॉ. अजीत की सलाह के अनुसार पाइल्स में क्या खाना चाहिए और किन चीजों से पूरी तरह बचना चाहिए|
पाइल्स क्या होती है:- पाइल्स या बवासीर गुदा के आसपास की सूजी हुई नसें होती हैं, जिनमें सूजन, दर्द, जलन और कभी-कभी खून आना जैसी समस्याएं होती हैं. इसका मुख्य कारण गलत खानपान, कब्ज और अनियमित दिनचर्या है.
पाइल्स में क्या खाना चाहिए, जिससे मरीज को परेशानी न हो?
1. साबुत अनाज (जैसे ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस)
2. हरी पत्तेदार सब्जियां (पालक, मेथी, लौकी, तुरई)
3. फाइबर युक्त फल (सेब, पपीता, अमरूद, नाशपाती)
4. छाछ, दही और मट्ठा
5. गुनगुना पानी दिनभर में पर्याप्त मात्रा में
6. रात में 1 गिलास गुनगुने दूध में 1 चम्मच इसबगोल
पाइल्स के मरीजों को पानी कितना पीना चाहिए:- पाइल्स के मरीजों को कम से कम 8–10 गिलास पानी रोजाना पीना चाहिए. डिहाइड्रेशन से कब्ज बढ़ता है और पाइल्स की समस्या गंभीर हो जाती है.



