
भारत ने महिला वनडे वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। भारत ने वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। इसमें जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अहम भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया से मिले 339 रन के जवाब में भारत ने 48.3 ओवर में 341 रन बनाए। जेमिमा ने नाबाद 127 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रन बनाए। दीप्ति (24) और ऋचा घोष ने (26) छोटी-छोटी पारियां खेलकर भारत को जीत दिलाने में अपनी भूमिका निभाई।
दोनों के बीच रिकॉर्ड साझेदारी हुई। जेमिमा और हरमन ने तीसरे विकेट के लिए 156 गेंद पर 167 रन जोड़े। यह वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। कप्तान कौर के आउट होने के बाद दीप्ति ने तेजी से रन बटोरे।
दीप्ति शर्मा ने पारी का आखिरी ओवर डाला। उन्होंने दूसरी गेंद पर एलाना किंग को ऋचा घोष के हाथों कैच आउट कराया। अगली गेंद पर दीप्ति ने सोफी मोलिन्यूक्स को क्लीन बोल्ड किया। फिर पांचवीं गेंद पर किम गार्थ दूसरा रन लेने की फिराक में अपना विकेट गंवा बैठी और इस तरह ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत हुआ।



