
बागबाहरा: लोकतंत्र की जड़ें तब मजबूत होती हैं जब हर नागरिक का वोट सुरक्षित और सम्मानित हो। इसी भावना के साथ बागबाहरा क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक जनआंदोलन देखने को मिला। शहर कांग्रेस कमेटी बागबाहरा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में नागरिकों ने वोट चोर गद्दी छोड़ शीर्षक वाला फॉर्म भरकर महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर को सौंपा। यह फॉर्म शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जनता से भरे गए, जिनमें मतदाता सूची में की जा रही अनियमितताओं और मताधिकार से वंचित करने की घटनाओं के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।
लोकतंत्र की रक्षा की शपथ…
फॉर्म में नागरिकों ने कहा कि
हम भारत के नागरिक, मतदाता सूची में हेरफेर और मताधिकार से वंचित करने की प्रथा को समाप्त करने की मांग करते हैं। हमारा लोकतंत्र हर वोट की शक्ति पर टिका है और यह नींव अब खतरे में है। लोगों का कहना है कि विभिन्न विधानसभाओं में मतदाता सूचियों में लाखों अधूरी प्रविष्टियां, डुप्लीकेट नाम और सैकड़ों समुदायों के नामों का योजनाबद्ध तरीके से विलोपन किया गया है।
इन प्रथाओं को जनता ने वोट चोरी यानी जनता की आवाज की चोरी करार दिया है।
चुनाव आयोग के समक्ष बागबाहरा क्षेत्र की जनता ने रखी गई प्रमुख मांगें….
जनता द्वारा भरे गए फॉर्म में चुनाव आयोग से पांच ठोस मांगें की गईं हैं ।
1. मशीन रीडेबल मतदाता सूची को फोटो सहित सार्वजनिक जांच के लिए उपलब्ध कराया जाए।
2. हर चुनाव से पहले विलोपन और जोड़ की सूचियां तस्वीरों सहित सार्वजनिक की जाएं।
3. गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर शिकायत निवारण प्रणाली को सरल और प्रभावी बनाया जाए।
4. अंतिम समय में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पर रोक लगाकर पहले से एक स्पष्ट कटऑफ तिथि घोषित की जाए।
5. मतदाता दमन में शामिल अधिकारियों या एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
*हर वोट की कद्र जरूरी – भूपेंद्र सिंह ठाकुर
बागबाहरा शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि यह आंदोलन किसी पार्टी या व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए है। जब लाखों लोगों के नाम बिना कारण मतदाता सूची से हटा दिए जाते हैं, तब यह सिर्फ वोट नहीं बल्कि जनता की आवाज की चोरी है। उन्होंने आगे कहा कि – वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और चुनाव आयोग पर पारदर्शिता के लिए दबाव बनाना है।
श्री ठाकुर ने कहा कि हम चाहते हैं कि हर नागरिक का नाम सूची में दर्ज हो, कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। अगर वोट की नींव हिल गई, तो लोकतंत्र की पूरी इमारत ढह जाएगी।



