एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा बड़े बचेली : पोटाकेबिन स्थित कन्या छात्रावास विद्यालय में विधिक सेवा दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कानूनी जागरूकता, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय के अधिकार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरा लीगल वॉलंटियर रीता चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि विधिक सेवा दिवस क्यों मनाया जाता है और यह जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे उपलब्ध कराता है। उन्होंने गुड टच-बैड टच, बाल विवाह को अपराध मानने, बाल मजदूरी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रकाश डाला। रीता चौहान ने कहा, “न्याय सबका अधिकार है, और विधिक सेवा सबके लिए है।” कार्यक्रम में शिक्षिकाओं के साथ-साथ बड़े बचेली थाना से रीता चौहान एवं रंजीता यादव ने भी छात्राओं को उपयोगी जानकारी प्रदान की। इस आयोजन से छात्रावास की छात्राएं न केवल शैक्षणिक रूप से लाभान्वित हुईं, बल्कि कानूनी जागरूकता के प्रति भी सशक्त हुईं। कार्यक्रम समापन पर सभी ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।



