एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा किरंदुल : यूपी बिहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिषद द्वारा किरंदुल रिक्रिएशन क्लब में आयोजित “लोकरंग 2025” कार्यक्रम ने अपनी सांस्कृतिक विविधता से पूरे नगर को रंगीन बना दिया। बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों और टीमों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां दीं।
बस्तर की लोक संस्कृति बनी मुख्य आकर्षण कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा आर.के. ग्रुप द्वारा प्रस्तुत बस्तर की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य-नाट्य, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि एवं माननीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने इस प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा, “बस्तर जैसे सुदूर अंचल में लोक के साथ क्लासिकल संगीत और नृत्य के प्रति बढ़ता उत्साह वास्तव में गौरव की बात है।”
क्लासिकल नृत्यों की रही भरमार
इस वर्ष लोकरंग में क्लासिकल नृत्य प्रस्तुतियों की बाढ़ सी आ गई। प्रतिभागियों ने भरतनाट्यम, कथक और ओडिसी जैसी विधाओं से मंच पर अद्भुत छाप छोड़ी, जिससे तालियों की गूंज देर तक सभागार में गूंजती रही।
विजेता टीमों को मिला सम्मान
ग्रुप श्रेणी में:
प्रथम स्थान: आर.के. ग्रुप (लगातार दूसरा वर्ष) — ₹30,001 नकद, शील्ड।
द्वितीय स्थान: अंकिता एक्का के नेतृत्व में “मातृका ग्रुप” — ₹20,001, शील्ड।
सोलो श्रेणी में:
प्रथम स्थान: सुश्री पूनम गुप्ता (ओडिसी नृत्य) — ₹10,001, शील्ड।
द्वितीय स्थान: निधि सोमानी — ₹5,001, शील्ड।
मंच संचालन और कविता से बंधा समां
कार्यक्रम का आकर्षक मंच संचालन गौरी शंकर तिवारी ने किया। परिषद के सचिव उपेंद्रनाथ त्रिपाठी ने अपनी शायरी और कविताओं से माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर की प्रथम महिला एवं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी महापात्र, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह और अनिल राजी मोल, श्रम संघ प्रतिनिधि — इंटक से एके सिंह, एसकेएमएस से रोशन मिश्रा, एमएनएस से डॉ. तेज प्रकाश, एनएमडीसी सिविल प्रमुख एसके पांडे, वरिष्ठ समाजसेवी मीरा तिवारी, व्यापारी संघों से साहिल छालीवाल, रघु राव, किरंदुल चैंबर ऑफ कॉमर्स से मोहित धवन, राज प्रसाद, तथा पत्रकार संघों से आजाद सक्सेना, डॉ. राजेंद्र सक्सेना, अरुण शर्मा और प्रेस क्लब से संजू दास उपस्थित रहे।
अध्यक्ष रवींद्र सोनी ने युवा टीम को दी सफलता का श्रेय
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूपी बिहार समाज के अध्यक्ष रवींद्र सोनी ने की। उन्होंने कहा, “लोकरंग की सफलता हमारी युवा टीम की मेहनत और नगर के सहयोग का परिणाम है।”
उन्होंने संयोजन टीम — धीरज पांडे, गौरी शंकर तिवारी, सुनील गुप्ता, पूर्णिमा अवस्थी, कंचन शर्मा, सौरव सोनी और प्रशांत मिश्रा — को विशेष बधाई दी।
सांस्कृतिक एकता और लोकधारा का संगम
लोकरंग 2025 ने साबित कर दिया कि बस्तर न केवल परंपरा और संस्कृति की भूमि है, बल्कि यहां के लोग कला, संगीत और एकता के प्रतीक हैं। इस आयोजन ने किरंदुल को एक बार फिर सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित कर दिया।



