जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात शराब पीने के दौरान आपसी विवाद में दोस्तों ने मिलकर रोहित महंत नामक युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए चांपा पुलिस ने कुछ ही घंटों में छह आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
रोहित द्वारा बार-बार गाली देने से परेशान होकर सागर कर्ष और उसके साथियों ने एक राय होकर रोहित पर हमला कर दिया। नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर प्राणघातक हमला किया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। इसके बाद सागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। अधिकारियों ने तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। चांपा थाना की टीम ने सक्रिय घेराबंदी कर सभी 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पहले आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सागर कर्ष के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया। वहीं सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नामहत्या के मामले में गिरफ्तार सभी आरोपी चांपा थाना क्षेत्र के घोघरा नाला के निवासी हैं।
- सागर कर्ष पिता छतराम कर्ष, उम्र 27 वर्ष
- नागेश्वर नायडू पिता राजू नायडू, उम्र 23 वर्ष
- अश्वनी कुमार सतनामी पिता लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, उम्र 24 वर्ष
- विजय श्रीवास पिता नर्मदा श्रीवास, उम्र 25 वर्ष
- विनय कुर्रे पिता ललित कुर्रे, उम्र 29 वर्ष
- आकाश उर्फ अज्जू साहू पिता गोपाल साहू, उम्र 25 वर्ष



