महासमुंद: बसना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली (छ) स्थित धान उपार्जन केंद्र को स्थानांतरित कर ग्राम छोटेलोरम लालमाटी में नया केंद्र स्थापित कर दिया गया है। इस निर्णय से सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार जताते हुए उनका सार्वजनिक सम्मान किया।
किसानों ने विधायक का किया शॉल-श्रीफल से सम्मान
किसानों का प्रतिनिधिमंडल बसना विधायक कार्यालय पहुँचा, जहाँ उन्होंने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। किसानों ने कहा कि यह केंद्र उनके लिए न केवल भौगोलिक रूप से सुविधाजनक है, बल्कि इससे समय और परिवहन लागत की भी बचत होगी। पूर्व में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए डोंगरीपाली (छ) स्थित केंद्र तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक दोनों स्तरों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर किसानों ने कई बार शासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई थी।
विधायक ने सरकार का जताया आभार
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस अवसर पर राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि किसानों के संगठित प्रयास और राज्य सरकार की संवेदनशीलता का परिणाम है। शासन ने किसानों की आवाज़ को गंभीरता से सुना और त्वरित निर्णय लिया। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव और कृषि विभाग का विशेष आभार प्रकट करता हूँ। उन्होंने आगे कहा कि किसान इस क्षेत्र की रीढ़ हैं। उनकी सुविधा मेरी प्राथमिकता है। छोटेलोरम में केंद्र की स्थापना से आसपास के गाँवों के किसानों को अब अपने ही क्षेत्र में उपज बेचने की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें उचित मूल्य शीघ्रता से प्राप्त होगा।
किसानों ने जताई भविष्य की उम्मीदें
किसानों ने विधायक डॉ. अग्रवाल को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह किसानों की समस्याओं को शासन तक पहुँचाते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में कृषि से जुड़ी अन्य सुविधाओं जैसे गोदाम, परिवहन सहायता और तकनीकी प्रशिक्षण की दिशा में भी विधायक सक्रिय भूमिका निभाएंगे।



