Home देश IMD ने दिल्ली के लिए जारी किया ‘रेड अलर्ट’, घने कोहरे की...

IMD ने दिल्ली के लिए जारी किया ‘रेड अलर्ट’, घने कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत…

0

उत्तर भारत में शीतलहर जारी है. शुक्रवार की सुबह उत्तर भारत के कई प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए. पंजाब से बिहार तक फैले घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई. इसकी वजह से भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. कोहरे की वजह से रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने चेतावनी जारी की है.

सुबह साढ़े पांच बजे उत्तर प्रदेश के बरेली, सहारनपुर, आगरा और गोरखपुर, पंजाब में अमृतसर, बठिंडा, अंबाला, लुधियाना और आदमपुर, हरियाणा में अंबाला, दिल्ली में सफदरजंग, बिहार में भागलपुर, मध्य प्रदेश में ग्वालियर और झारखंड में डाल्टनगंज में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि कोहरे की वजह से कुछ हवाई अड्डों पर परिचालन बाधित हो सकता है. राजमार्गों और रेलवे मार्गों पर भी कोहरे का असर पड़ सकता है.

यूपी के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी:- मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, आगरा, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलन्दशहर, एटा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, हाथरस, पीलीभीत, रामपुर, इटावा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली शामिल हैं. उत्तराखंड में उधम सिंह नगर और हरिद्वार, पंजाब में अमृतसर, गुरदासपुर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी:- मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने एवं सावधानियां बरतने के लिए कहा है. वाहन चलाते समय अथवा किसी भी प्रकार के परिवहन से यात्रा करते समय सावधानी बरतने की मौसम विभाग ने अपील की है. मौसम विभाग ने कहा कि वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करें. सड़क और यातायात की स्थिति की जांच करने, यात्रा कार्यक्रम के लिए एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन प्राधिकरणों के संपर्क में रखने एवं अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गयी है.

कोहरे की वजह से विमान सेवाएं प्रभावित:- दूसरी ओर, शुक्रवार को दिल्ली में फ्लाइट ऑपरेशन एक बार फिर प्रभावित हुआ, क्योंकि नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी बहुत ज्यादा प्रभावित हुई. दिल्ली एयरपोर्ट ने एक बयान में कहा कि घने कोहरे की वजह से कई फ्लाइट्स में देरी हुई और दिक्कतें आईं, यात्रियों को रियल-टाइम अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here