Mumbai:- पिछले कुछ समय से ‘इक्कीस’ नाम की एक फिल्म की काफी चर्चा हो रही है. ये दिग्गज दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म है. उनके साथ इस फिल्म में लीड रोल में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा हैं. जयदीप अहलावत और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. कुछ समय पहले मेकर्स ने इस फिल्म का एक ट्रेलर वीडियो जारी किया था. वहीं अब एक और नया ट्रेलर रिलीज किया गया है. इस नए ट्रेलर को फाइनल ट्रेलर नाम दिया गया है. वीडियो की शुरुआत जयदीप अहलावत के वॉयसओवर से होती है. वो अगस्त्य नंदा के कैरेक्टर को इंट्रोड्यूस करते नजर आते हैं.
जयदीप कहते हैं, “उस धुएं और बारुद की बू आज भी याद है मुझे. हम तारीख बदलने वाले थे, लेकिन उस एक लड़के ने हमारी पूरी तकदीर बदल दी.” उसके बाद अगस्त्य नंदा की एंट्री होती है, जो सेना के सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल का किरदार निभा रहे हैं. देश की खातिर वो 21 साल की उम्र में शहीद हो गए थे. ट्रेलर में अरुण खेत्रपाल की बहादुरी की कहानी दिखाई गई है.
धर्मेंद्र का इमोशनल सीन:- ट्रेलर में धर्मेंद्र की भी झलक दिखाई गई है. वो कहते हैं, “मैं पूछूंगा कि उस दिन वो पीछे क्यों नहीं हटा.” इसपर जयदीप अहलावत उनसे कहते हैं, “वो दुश्मन को हराना चाहता था सर.” इसपर धर्मेंद्र कहते हैं, “कौन दुश्मन.” धर्मेंद्र इसमें अरुण खेत्रपाल के पिता का किरदार निभा रहे हैं. इसमें उनके एक काफी इमोशनल सीन है. वो किसी को अपने फैमिली फोटो दिखाकर कहते हैं, “ये रही मेरी फैमिली. छोटा बेटा मुकेश 50 साल का है. और बड़ा बेटा अरुण. ये हमेशा 21 का ही रहेगा.”
कब रिलीज होगी इक्कीस:- फिल्म में अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया की झलक दिखाई गई है. वो अगस्त्य नंदा के अपोजिट नजर आने वाली हैं. ये फिल्म नए साल के मौके पर 1 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. पहले ये फिल्म इसी साल 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तय थी. हालांकि, मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट बदल दी और फिर इसे न्यू ईयर के मौके पर रिलीज करने का फैसला किया.



