
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : झीरम घाटी नक्सली हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा कांग्रेस पार्टी पर लगाए गए अंदरूनी साजिश के आरोपों पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव श्री छविंद्र कर्मा ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने श्री नड्डा के बयान को झीरम घाटी में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं का घोर अपमान बताया है।छविंद्र कर्मा ने कहा कि झीरम घाटी कांड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित 32 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या हुई थी। इस घटना को लेकर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बयान देना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि पीड़ित परिवारों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। और जब इस मामले की जांच NIA ने की, तब केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार थी। क्या भाजपा सरकारों की जांच एजेंसियां असफल रहीं।
छविंद्र कर्मा ने आगे कहा कि झीरम घाटी कांड की NIA जांच रिपोर्ट और श्री नड्डा के बयान आपस में मेल नहीं खाते।आख़िर ऐसी कौन-सी जानकारी है जो श्री नड्डा के पास है, लेकिन देश की सर्वोच्च जांच एजेंसी NIA के पास नहीं।उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 25 मई 2013 की इस दुखद घटना के बाद शहीद महेंद्र कर्मा के अंतिम संस्कार में तत्कालीन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री आर.पी.एन. सिंह (वर्तमान भाजपा सांसद) उपस्थित थे। इसके अलावा तत्कालीन भाजपा सांसद एवं वर्तमान रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह भी दिल्ली से बस्तर आए और शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी।ऐसे में आज भाजपा नेतृत्व द्वारा इस तरह के आरोप लगाना न केवल विरोधाभासी है, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित भी प्रतीत होता है।
छविंद्र कर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री से मांग की है कि—
झीरम घाटी के इस नृशंस सामूहिक नरसंहार की निष्पक्ष और पुनः जांच कराई जाए।
इस जांच में श्री जेपी नड्डा को भी शामिल किया जाए, ताकि देश को सच्चाई पता चल सके।
यह स्पष्ट हो सके कि स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े राजनीतिक हत्याकांड के असली सूत्रधार, साजिशकर्ता और गुनहगार कौन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस भीषण नरसंहार को केवल “नक्सली घटना” बताकर अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती।
छविंद्र कर्मा ने देश व प्रदेश की सभी जांच एजेंसियों से मांग की कि इस सामूहिक हत्याकांड के दोषियों का शीघ्र पर्दाफाश किया जाए और उन्हें कड़ा से कड़ा दंड दिलाया जाए।इस दौरान मौजूद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सलीम राजा उस्मानी , जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ,पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश गौतम ,पूर्व जिला अध्यक्ष विमल सुराना ,जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य ,जिला महामंत्री विमल सलाम , जिला महामंत्री भीम सेन मांडवी , ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ,ब्लॉक अध्यक्ष नंदा कुंजम जी, शंकर कुंजम जी, मौजूद रहे।



