कोलकाता : बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा अवैध बांग्लादेशियों को मुख्य मुद्दा बनाएगी। दो दिन के दौरे पर कोलकाता पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया कि अवैध घुसपैठ सिर्फ बांग्ला अस्मिता के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद इन घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा और बांग्ला अस्मिता को फिर से बहाल किया जाएगा।
पिछले 10 वर्षों के दौरान लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बंगाल में भाजपा को मिले मतों और सीटों का हवाला देते हुए शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत का दावा किया। कहा कि भाजपा की सरकार ऐसा सुरक्षा ग्रिड तैयार करेगी कि सीमा पार से परिंदा भी पर नहीं मार सके। अमित शाह ने घुसपैठ रोकने में नाकामी के लिए बीएसएफ की नाकामी और केंद्रीय गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी के तृणमूल कांग्रेस के आरोपों का करारा जवाब दिया।
अवैध तरीके से सीमा पार करने वाले घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राज्य प्रशासन उन्हें फर्जी दस्तावेज मुहैया कराकर वैध बनाने की कोशिश करता है। शाह ने बताया कि असम और त्रिपुरा में भाजपा की सरकारें अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने में सफल रही हैं। उन्होंने बंगाल की जनता से अवैध घुसपैठियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पहले वामपंथी और फिर तृणमूल सरकार के चार दशक के लंबे कार्यकाल में कैसे बंगाल आर्थिक विकास में पिछड़ता चला गया। 7000 से अधिक उद्योग राज्य से पलायन कर चुके हैं। कटमनी (रंगदारी) व भ्रष्टाचार के कारण बंगाल के विकास की गति रुक गई है। भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल का खोया गौरव पुन: स्थापित किया जाएगा और महान विचारकों द्वारा परिकल्पित ‘सोनार बांग्ला’ (स्वर्णिम बंगाल) का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे होने का आरोप लगाया। उन्होंने तृणमूल के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की सूची भी गिनाई। शाह ने कहा कि ममता बनर्जी को अपने मंत्रियों के यहां से करोड़ों रुपये नकदी की बरामदगी क्यों नहीं दिखती है।



