बगीचा (जशपुर): ( कोमल ग्वाला अमनपथ ब्योरो चीफ जशपुर) विकास खंड स्तरीय शिक्षा समिति की परामर्शदात्री समीक्षा बैठक दिनांक 28 जनवरी 2026 को विकास खंड शिक्षा कार्यालय बगीचा में शाम 4:30 बजे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन सिंह पटेल ने की।
बैठक में सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप कुमार टोप्पो, अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन मंत्री श्री बालदेव प्रसाद ग्वाला छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, श्री पुरेन्दर राम यादव, ब्लॉक अध्यक्ष (छ.ग.समग्र/सहायक शिक्षक फेडरेशन) श्री उमेश कुमार बर्मन सचिव, श्री अशोक कुमार दर्पण ब्लॉक अध्यक्ष, श्री संदीप कुमार भगत जिला संयुक्त सचिव छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, श्री पुरंदर राम यादव अध्यक्ष छत्तीसगढ़ शिक्षक महा संघ सहित शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए गए। पदोन्नत प्रधान पाठकों एवं उच्च वर्ग शिक्षकों के एरियर भुगतान, सेवा पुस्तिका जांच, अवकाश लेखा संधारण, सीजीपीएफ पासबुक संधारण, तथा वरिष्ठता सूची में त्रुटि सुधार जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि पात्र शिक्षकों को एरियर राशि का भुगतान 15 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। जिन कर्मचारियों के खातों का समायोजन नहीं हुआ है, उनके लिए समिति/टीम गठित कर कार्यालयीन अभिलेखों से मिलान किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन विद्यालयों में स्कूल शैक्षिक समन्वयक या स्कूल प्रभारी का पद रिक्त है, वहां योग्य शिक्षक को अस्थायी प्रभार दिया जाएगा, ताकि शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।सभी कर्मचारियों के SBI बैंक में खाते खोलने एवं SBI लाइफ इंश्योरेंस का लाभ लेने, सेवा निवृत्त कर्मचारियों के देयकों का समय पर भुगतान, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी तथा समान वेतनमान से संबंधित मामलों की जांच पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में सभी बिंदुओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर जोर देते हुए बैठक समाप्त की गई।



