

कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुरनगर, 31 जनवरी 2026:- जिले में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ रहे श्री सदाशिव मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक आत्मीय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित राजस्व अमले तथा कलेक्टोरेट कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्री मिश्रा को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ एवं सराहनीय सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि नायब तहसीलदार श्री सदाशिव मिश्रा ने अपने पूरे सेवाकाल में राजस्व प्रशासन में अनुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में श्री मिश्रा की कार्यशैली सदैव नियमबद्धता और जनहित पर केंद्रित रही, जिससे आम नागरिकों को त्वरित एवं न्यायपूर्ण सेवा प्राप्त हुई। विदाई समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री मिश्रा के सौम्य व्यवहार, समयपालन एवं सहयोगी स्वभाव को स्मरण करते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल प्रशासक रहे, बल्कि सहकर्मियों के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शक भी बने रहे। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में उनकी सूझबूझ और अनुभव से कार्यालय को निरंतर लाभ मिला। इस अवसर पर सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार श्री सदाशिव मिश्रा ने अपने उद्बोधन में सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट कार्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार के समान रहा है, जहाँ सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से वे अपने कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।



