
सुरेश मिनोचा एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ स्थित राजस्थान भवन (न्यास) परिसर में न्यास की कार्यकारिणी का चुनाव लोकतांत्रिक, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी सुदीप पोद्दार, व्यंकटेश अग्रवाल और सोहन पोद्दार द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजस्थान भवन न्यास के सभी न्यासी सदस्य उपस्थित रहे।चुनाव प्रक्रिया के तहत सर्वप्रथम संरक्षक पद के लिये निर्वाचन कराया गया जिसमें न्यास के प्रतिष्ठित सदस्य रघुनाथ पोद्दार पुनः संरक्षक निर्वाचित हुए वहीं पवन गोयल भी संरक्षक पद पर निर्वाचित हुए। दोनों नवनिर्वाचित संरक्षकों के चयन का उपस्थित सभी न्यासीगणों ने स्वागत करते हुए इसे न्यास के लिये सकारात्मक और सशक्त निर्णय बताया।
इसके बाद नवनिर्वाचित संरक्षकों रघुनाथ पोद्दार और पवन गोयल द्वारा अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न कराया गया जिसमें श्याम सुंदर पोद्दार को राजस्थान भवन (न्यास) का दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष पद पर उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित न्यासी सदस्यों ने तालियों के साथ हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर संरक्षक रघुनाथ पोद्दार, संरक्षक पवन गोयल और नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्याम सुंदर पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान भवन (न्यास) का मूल उद्देश्य समाज सेवा है और आने वाले समय में इस उद्देश्य को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने बताया कि न्यास द्वारा भवन में जनोपयोगी सुविधाओं का विस्तार, सामाजिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, जरूरतमंदों की सहायता और न्यास को संगठित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किये जाएंगे।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राजस्थान भवन (न्यास) को समाज के लिये एक सक्रिय, उपयोगी और प्रेरणादायी केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा जहाँ सभी वर्गों के लोगों को सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम के अंत में न्यास के सभी न्यासीयों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राजस्थान भवन (न्यास) सामाजिक कार्यों में नई पहचान बनाएगा तथा समाजहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।



