
उत्तर प्रदेश :- पूरे उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे को बैन कर दिया गया है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह फैसला लिया है. यानी अब उत्तर प्रदेश में चाइनीज़ मांझे के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चाइनीज़ मांझे की बिक्री और उपलब्धता को रोकने के लिए प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए.मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया है कि चाइनीज़ मांझे के कारण यदि किसी की जान जाती है, तो उसे हत्या की श्रेणी में माना जाएगा और उसी के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर पर चलने वाले इस अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाइनीज मांझे के कारण हो रही लगातार मौतों को लेकर बेहद नाराज नजर आए. उन्होंने अधिकारियों से सीधे सवाल किया कि प्रतिबंध लागू होने के बावजूद बाजार में चाइनीज़ मांझा आखिर कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है? मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस पर तुरंत और प्रभावी तरीके से रोक लगाई जाए.



