Home छत्तीसगढ़ रायगढ़ पुलिस का अवैध शराब पर ताबड़तोड़ प्रहार, 3 दिन में 11...

रायगढ़ पुलिस का अवैध शराब पर ताबड़तोड़ प्रहार, 3 दिन में 11 आरोपी गिरफ्तार

0

रायगढ़:  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते तीन दिनों के भीतर आबकारी एक्ट के तहत 11 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 65.9 लीटर शराब (देशी, अंग्रेजी एवं कच्ची महुआ) जप्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,680 है। इसके साथ ही एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है जिसे राजसात करने जिलादंडाधिकारी रायगढ़ को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है ।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अवैध कारोबार में जुड़े व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी है कि अवैध शराब, जुआ सट्टा, मादक पदार्थों की बिक्री करना छोड़कर समाज की मुख्य धारा से जुड़े ।

► घरघोड़ा में अवैध महुआ शराब पर कार्रवाई

बीते मंगलवार को थाना घरघोड़ा पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम अमलीडीह में दबिश देकर आरोपी परमेश्वर राठिया पिता भजोराम राठिया उम्र 22 वर्ष साकिन ग्राम अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ (छ.ग.) के कब्जे घर-बाड़ी से 15 लीटर क्षमता वाले दो पीले रंग के डिब्बों में भरी लगभग 5-5 लीटर कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं बिक्री रकम ₹1,150 बरामद की गई। आरोपी द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बिक्री हेतु संग्रहित करना पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में धारा 34(2), 34(ख) आबकारी अधिनियम एवं धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

► कापू में गांजा बिक्री करते महिला गिरफ्तार

बीते दिवस थाना कापू प्रभारी के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में दबिश दी गई, जहां आरोपिया श्रीमती चम्पा यादव पति रवि कुमार यादव उम्र 58 वर्ष साकिन पखनाकोट सुकवासुपारा, थाना कापू, जिला रायगढ़ (छ.ग.) के कब्जे से अवैध रूप से बिक्री हेतु रखे गए 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,000 है, तथा एक Oppo A11k कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपिया द्वारा घर से गांजा बिक्री करना स्वीकार करने पर थाना कापू में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार किया गया एवं न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

► ग्राम बंधनपुर में जुआ फड़ ध्वस्त, कापू पुलिस की कार्रवाई

03–04 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना कापू पुलिस द्वारा गश्त के दौरान ग्राम बंधनपुर में भारत कुर्रे के घर सामने स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ व्यक्तियों द्वारा काट-पत्ती नामक जुआ खेले जाने की सूचना पर घेराबंदी कर मौके से 5 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। जुआरियों के फड़ एवं कब्जे से कुल नगदी रकम ₹22,500 तथा 52 पत्ती ताश जप्त की गई। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना कापू में जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी का संदेश:

“जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस की सख्त नजर ऐसे कारोबारियों पर है। सभी थाना-चौकी प्रभारियों को नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here