
पालक को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, फाइबर और कई जरूरी विटामिन पाए जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर किसी के लिए पालक खाना फायदेमंद नहीं होता? कुछ लोगों को पालक खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। तो चलिए जानते हैं कि किन लोगों को पालक नहीं खाना चाहिए और इसके पीछे क्या कारण हैं।
किडनी स्टोन की समस्या वाले लोग:- पालक में ऑक्सालेट की मात्रा ज्यादा होती है। जिन लोगों को किडनी स्टोन की शिकायत है या पहले स्टोन हो चुका है, उनके लिए पालक नुकसानदायक हो सकती है। बता दें कि ज्यादा ऑक्सालेट शरीर में जाकर पथरी बनने का खतरा बढ़ा सकता है।
गठिया के मरीज:- गठिया के मरीजों को भी पालक सोच-समझकर खाना चाहिए। पालक में मौजूद ऑक्सालिक एसिड जोड़ों में दर्द और सूजन को बढ़ा सकता है। अगर पालक खाने के बाद दर्द बढ़ता है, तो इसे डाइट से हटाना बेहतर है।
थायराइड के मरीज:- पालक में गोइट्रोजन तत्व पाए जाते हैं, जो थायराइड ग्रंथि के काम में रुकावट डाल सकते हैं। खासतौर पर हाइपोथायराइड के मरीज अगर ज्यादा मात्रा में कच्चा पालक खाते हैं, तो उनकी समस्या बढ़ सकती है।
पेट की समस्या या गैस की दिक्कत:- कुछ लोगों को पालक खाने के बाद पेट फूलना, गैस या एसिडिटी की शिकायत हो जाती है। इसकी वजह पालक में मौजूद फाइबर और ऑक्सालेट हो सकते हैं। ऐसे लोग पालक का सेवन कम करें या अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
खून पतला करने वाली दवा लेने वाले लोग:- पालक में विटामिन-के की मात्रा अधिक ज्यादा होती है, जो खून को जमने में मदद करती है। अगर आप ब्लड थिनर दवाएं लेते हैं, तो पालक ज्यादा खाने से दवाओं का असर कम हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।



