
इटली के लिए बुरी खबर है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में उसे कप्तान वेन मैडसन से हाथ धोना पड़ा है. इटली के कप्तान को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में बुरी तरह से चोट लगी, जिसमें उनका कंधा जख्मी हो गया है. वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर इयान बिशप ने कन्फर्म किया कि मैडसन, स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच से बाहर रहेंगे. हालांकि, इंजरी को देखते हुए मैच से बाहर हुए इटली के कप्तान पर टूर्नामेंट से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है.
मैडसन का कंधा हुआ इंजर्ड, मैच से बाहर:- इटली के 42 साल के कप्तान वेन मैडसन की चोट को लेकर जानकारी देते हुए इयान बिशप ने बताया कि उनका कंधा डिस्लोकेट हुआ है, जिसे आम भाषा में कंधे का उखड़ना या उतरना भी कहते हैं. मैडसन के इंजर्ड होने से इटली के बल्लेबाजी क्रम को झटका लगा है. वो अपनी टीम के एक मंझे हुए बल्लेबाज थे, जिन्हें दुनिया भर की T20 लीग में खेलने का अनुभव था.
मैडसन को कब लगी चोट:- इटली के कप्तान के कंधे में चोट स्कॉटलैंड की इनिंग के चौथे ओवर में लगी, जब वो मिडविकेट पर डाइव लगाकर गेंद को रोकने की कोशिश कर रहे थे. उस डाइव के बाद उन्हें परेशानी महसूस हुआ और वो दर्द से कराहते दिखे.
क्या T20 वर्ल्ड कप से भी बाहर होंगे मैडसन:- वेन मैडसन स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच से तो बाहर हो ही गए हैं. लेकिन उनकी चोट कितनी गंभीर है, उसका अंदाजा लगाने के लिए अभी उनकी इंजरी की जांच की जाएगी. गर्दन की इंजरी का भी अंदेशा जताया जा रहा है. ऐसे में उनके टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आगे खेलने पर भी सस्पेंस खड़ा हो गया है.
इटली VS स्कॉटलैंड मैच का हाल:- मुकाबले की बात करें तो इटली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 4 विकेट पर 207 रन बनाए. स्कॉटलैंड की ओर से सबसे ज्यादा 84 रन ओपनर जॉर्ज मुंसे ने बनाए. स्कॉटलैंड पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने इटली के खिलाफ T20I में दो बार 200 प्लस रन का आंकड़ा पार किया है.



