
1 से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली, चबाकर खाने की सलाह
महासमुंद : राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिले में 10 से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के सभी पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा डीईसी (डाईथाइकार्बामाजीन) एवं एल्बेंडाजोल दवा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार खिलाई जाएगी। दवा सेवन स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में डॉट्स पद्धति के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि इसका सही प्रभाव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी। वहीं, 1 से 2 वर्ष के बच्चों को केवल एल्बेंडाजोल की आधी गोली दी जाएगी, जिसे चबाकर खाने की सलाह दी गई है।
दवा वितरण एवं सेवन निर्धारित समय-सारणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। अभियान के प्रारंभिक दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। इसके बाद घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को दवा दी जाएगी तथा छूटे हुए लोगों को मॉप-अप राउंड में कवर किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों, स्लम बस्तियों, कार्यालयों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टीम के माध्यम से दवा सेवन कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और स्वयं तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा अवश्य सेवन कराएं, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के कक्ष क्रमांक 20 में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसका संपर्क नंबर 99778-81452 है। साथ ही सभी विकासखंडों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।



