
सुरेश मिनोचा एमसीबी, चिरमिरी, खड़गवां : विकासखंड खड़गवां के जनपद ग्राउंड में मितानिन सम्मेलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा 20 सूत्रीय क्रियान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।सम्मेलन में विकासखंड एवं जिला स्तर के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धरम पाल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धनंजय पांडे, जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष, क्षेत्र के सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला एमसीबी डॉ. अविनाश खरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी खड़गवां डॉ. मनीष प्रताप सिंह, बीपीएम, जिला नोडल अधिकारी, डीसी, एसी (शहरी), बीसी (ग्रामीण), शहरी एवं ग्रामीण मितानिन प्रशिक्षक, समस्त मितानिन बहनें तथा ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता समिति के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

अपने उद्बोधन में मंत्री जायसवाल ने कहा कि मितानिन बहनों की सेवा और समर्पण अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि मितानिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने मितानिनों को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं को उनका भाई और बेटा मानते हैं तथा हमेशा उनके कार्यों को याद रखते हैं।मंत्री ने कहा कि मितानिन सरकारी कर्मचारी नहीं होते हुए भी निस्वार्थ भाव से कार्य करती हैं और केवल प्रोत्साहन राशि पर सेवाएं देती हैं। उन्होंने बीजापुर और जशपुर क्षेत्र के उदाहरण देते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों, बाढ़ और दुर्गम क्षेत्रों में भी मितानिनों ने पहुंचकर सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि मितानिनों के भुगतान को लेकर व्यवस्था मजबूत की गई है और निर्धारित तिथि तक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चिरमिरी में मितानिन भवन की मांग पर 20 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं, जो जिला अस्पताल के पास निर्मित होगा। जिलास्तरीय प्रशिक्षण के लिए सीएमएचओ को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने मितानिनों से महतारी सदन का उपयोग करने और अपनी मांगें विभाग तक पहुंचाने का आग्रह किया। सम्मेलन में मितानिनों के कार्यों की सराहना की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।



