सुरेश मिनोचा एमसीबी/झगराखाण्ड : नगर पंचायत झगराखाण्ड के सिंधी कॉलरी एजुकेशन सोसाइटी स्कूल ग्राउंड में आयोजित ओपन चैलेंज कबड्डी प्रतियोगिता ने पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव का माहौल बना दिया। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल के इस आयोजन में खिलाड़ियों के दमखम, रणनीति और टीम भावना ने दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखा। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा रमेश यादव, सिंधी कॉलरी एजुकेशन सोसाइटी स्कूल की प्राचार्य श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव, मंडलम अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, पार्षद और पूर्व पार्षदगण, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि गुलाब कमरो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं जो युवाओं में साहस, सहनशीलता और सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत नहीं बनाते बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि झगराखाण्ड और आसपास के क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर मंच, नियमित अभ्यास और प्रोत्साहन देने की। ऐसे खेल आयोजन युवाओं को नशा, अपराध और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।विशिष्ट अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे खेल गांव-कस्बों की मिट्टी से जुड़े हैं और इन्हें बढ़ावा देना सामाजिक दायित्व है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। हर मैच में दर्शकों की तालियों और उत्साह ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन स्थल पर खेल अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला जिससे प्रतियोगिता की गरिमा और बढ़ी। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सफल आयोजन के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया गया। प्रतियोगिता ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि खेल ना केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम हैं बल्कि समाज को जोड़ने और युवाओं के भविष्य को मजबूत करने का सशक्त जरिया भी हैं।



