
बिलासपुर: शहर के सकरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड लाइनमैन ने पुलिस विभाग में पदस्थ पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साईं नगर उसलापुर निवासी आवेदक ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को आवेदन सौंपते हुए सकरी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 90/2026 और 91/2026 को निरस्त करने तथा पूरे मामले की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आवेदक का आरोप है कि पड़ोसी धीरज कश्यप, जो पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, ने अपने मकान में सीपेज की समस्या दिखाने के बहाने घर बुलाया और वहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में गंभीर चोटें आने से उसे कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब रिटायर्ड कर्मचारी ने आरोप लगाया कि बाद में पुलिस और आरोपियों की मिलीभगत से उसके खिलाफ ही झूठा अपराध दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, उसके परिवार के सदस्यों को भी कथित रूप से प्रकरण में घसीटा गया, जबकि घटना के समय वे मौके पर मौजूद ही नहीं थे।


आवेदन में यह भी कहा गया है कि परिवार का किसी से पूर्व विवाद नहीं रहा, फिर भी प्रभाव का इस्तेमाल कर कार्रवाई की गई। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या वर्दी की आड़ में एक आम नागरिक को न्याय से वंचित किया जा रहा है? आवेदक ने एसपी से मांग की है कि जांच सकरी थाना से हटाकर किसी अन्य थाने या स्वतंत्र एजेंसी को सौंपी जाए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे और यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। मामले को लेकर शहर में चर्चा तेज है और अब सबकी निगाहें पुलिस अधीक्षक के निर्णय पर टिकी हैं।



