
सुरेश मिनोचा कोरिया :कोरिया जिले को प्राकृत तौर पर बहुत से संसाधन मिले हुए हैं। कोरिया जिले में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए जल संरक्षण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए हर व्यक्ति तक ले जाना है। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी द्वारा आवा पानी झोंकी अभियान को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है ऐसे में इसे हर किसान, हर कोरिया वासी का अभियान बनाना है। इस संदर्भ में आज जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के समस्त मैदानी अमले से सीधा संवाद कर आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत निर्देश दिए। इस बैठक में जनपद सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक और सभी आवास मित्र उपस्थित रहे।
जल संरक्षण अभियान हमारी आवश्यकता
उपस्थित मैदानी अमले को संबोधित करते हुए सीईओ डॉ आशुतोष ने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छ जल हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती बन रहा है। इससे निपटने के लिए जल संरक्षण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाना होगा। हम सभी को जल संरक्षण हेतु जन जागरूकता के लिए काम करना होगा। तभी आने वाली पीढ़ी को जल मिल पाएगा।
पांच परसेंट मॉडल अपनाए हर किसान
आज सभी को जल संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करते हुए सीईओ डॉ आशुतोष ने कहा कि कोरिया जिले में प्रत्येक किसान अपने खेतों में पांच परसेंट मॉडल अपनाए तो हमारे किसी भी खेत में नमी बनी रहेगी और हर खेत से व्यर्थ बह जाने वाला वर्षा जल भूमिगत हो सकेगा।
हर आवासों में बने सोखता गढ्ढे
मैदानी टीम को जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत प्रत्येक प्रधानमंत्री आवास में एक एक सोखता गढ्ढे बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर आवास हितग्राही को इसके लिए प्रोत्साहित करें कि उनके छत पर गिरने वाली प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है और उसे हर हाल में बचाना है जिससे आने वाली पीढ़ी को जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का सही समय
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ डॉ आशुतोष ने कहा कि अब निर्माण कार्य के लिए उचित समय है। अभी सारे किसान धान की फसल को बेचकर आर्थिक स्थिति में मजबूत हैं और अभी कोई विशेष प्राकृतिक अवरोध नहीं है। ऐसे में सभी हितग्राहियों को प्रोत्साहित कर उनके लिए पक्के मकान बनाने का कार्य पूर्ण कराए। समय पर जिओ टैग कर हितग्राहियों को पैसा दिलाने में मदद करें जिससे प्रगति निरंतर बनी रहे।
प्रत्येक सप्ताह सीईओ जिला पंचायत कार्य प्रगति वाले ग्राम पंचायत की टीम से बात करेंगे। इसमें जन मन आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करेंगे।



